मतदाता सूची को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं निर्विवाद बनाने में सहयोग करें राजनीतिक दल –जिला निर्वाचन अधिकारी
मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए बीएलओ के साथ सक्रियता बढ़ाएं बीएलए
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद छूटे हुए एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए चलेगा विशेष अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सोमवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के उपरांत मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए तथा प्रथम बार एवं युवा मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने के लिए संचालित किए जाने वाले विशेष अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि आयोग की मंशा है कि निर्वाचक नामावली पूरी तरह निर्विवाद, त्रुटिरहित एवं शुद्ध हो तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली जनपद की एनआईसी वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसका कोई भी व्यक्ति अवलोकन कर सकता है। बूथवार आंकड़े भी राजनीतिक दलों के साथ साझा किए जा चुके हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे मतदाता सूची का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति संज्ञान में आती है तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) से संपर्क कर नियमानुसार उसका सुधार कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण एक सतत प्रक्रिया है।
बैठक में बताया गया कि आयोग के निर्देशानुसार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा 10 अप्रैल 2026 को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का मिलान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व 07 जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची एवं पूरक सूचियों से किया जाएगा। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में सम्मिलित नहीं हैं। उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करते हुए बीएलओ के साथ समन्वय बढ़ाएं। विशेष रूप से छूटे हुए पात्र नागरिकों, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, दिव्यांगजनों, बेघर नागरिकों, बुजुर्गों तथा महिला मतदाताओं के पंजीकरण में सहयोग करें। अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे तथा चिह्नित मतदाताओं की सूची बीएलए के साथ भी साझा की जाएगी।
बैठक में अवगत कराया गया कि आयोग के निर्देशों के क्रम में बूथ स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। रात्रि आश्रयों, श्रमिक बस्तियों, आश्रयहीन एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षण संस्थानों एवं स्वीप गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी। नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 तथा नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का प्रावधान है। आवेदन संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं ECINET ऐप के माध्यम से किया जा सकता है।
बैठक में बताया गया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के गणना चरण में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियां तैयार कर राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई थीं। इसके उपरांत 06 जनवरी 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावली तथा दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 10 अप्रैल 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय श्रीवास्तव सहित भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सपा, अपना दल एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

केसीए अंडर-15 कैंप में खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फिटनेस का हुआ परीक्षण तीसरे दिन 30 खिलाड़ियों की दो टीमें बनाकर कराया जाएगा अभ्यास मैच
पेंशनर्स के मेडिकल बिल लंबित होने पर सेवानिवृत्त कर्मचारी एसोसिएशन में आक्रोश, जिलाधिकारी से चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग
ई-ऑफिस पर फाइलों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें अधिकारी : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) समिति की बैठक सम्पन्न, एक सप्ताह में सत्यापन एवं कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश
राजकीय पॉलिटेक्निक में रोजगार मेले का आयोजन किया गया 1273 अभ्यर्थी चयनित
वाल्मीकि जयंती पर 70 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह, तैयारियों को लेकर सौंपी गई जिम्मेदारियां 