भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 में प्रतिभा दिखाने का युवाओं को सुनहरा अवसर, 63 कौशलों में हुनर दिखाने का मौका, पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार भारत कौशल प्रतियोगिता-2026-27, विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता-2027 एवं विश्व कौशल प्रतियोगिता-2028 का आयोजन किया जाना है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को जिला, मंडल, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
भारत कौशल प्रतियोगिता-2026-27 में प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। इस प्रतियोगिता में 63 विभिन्न कौशलों में युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक युवा स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने बुधवार, 02 सितंबर 2026 को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत कौशल प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में अधिक से अधिक पात्र युवाओं का पंजीकरण कराया जाए। उच्च शिक्षा विभाग, एनएसटीआई, आईटीआई, माध्यमिक शिक्षा विभाग, कौशल विकास मिशन, सेवायोजन विभाग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में पंजीकृत पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने उद्योग विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत पात्र युवाओं का सर्वे कराकर उन्हें भारत कौशल प्रतियोगिता के संबंध में जागरूक किया जाए तथा पात्र युवाओं का पंजीकरण कराया जाए।
उन्होंने जनपद के युवाओं से अपील की कि 16 से 21 वर्ष की आयु के युवा भारत कौशल प्रतियोगिता-2026-27 में अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं और अपने हुनर का प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को अपने कौशल को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का बेहतरीन अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में जिला, मंडल, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने के बाद युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में पंजीकरण के लिए प्रमुख पात्रता आयु सीमा है। 16 से 21 वर्ष की आयु के युवा इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। ऑटोमोबाइल, बेकरी, ब्यूटी, कंस्ट्रक्शन, कुकिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, हेयर ड्रेसिंग, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, होटल इंडस्ट्री, ज्वैलरी, वेब टेक्नोलॉजी, रिटेल सेल्स, प्लंबिंग, मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट, रेस्टोरेंट सर्विसेज, पेंटिंग, ग्राफिक डिजाइन, हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल मशीनरी, सीएनसी मिलिंग, सीएनसी टर्निंग, वेल्डिंग, साइबर सिक्योरिटी, रिन्यूएबल एनर्जी, आरएसी सहित विभिन्न कौशल क्षेत्रों में दक्ष युवा इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं।
पात्र युवा स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) पोर्टल पर जाकर 15 सितंबर 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

जूही खुर्द में डेंगू प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित मर्दनपुरवा में शुरू कराया गया सोर्स रिडक्शन
समोसा फैक्ट्री में मिला डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू, कराया नष्ट, रेलवे की कैंटीनों-दुकानों में होती थी सप्लाई, 3200 कच्चे समोसे भी नष्ट; एक इकाई सील
जलभराव में फंसे 25 परिवारों के बचाव में उतरी एनडीआरएफ, भौती-पनका पुल बंद
शिव नगर-बदनी मार्ग से हटाया अतिक्रमण, जलभराव से निजात को बनेगी पुलिया, मंधना-बिठूर मार्ग पर राजस्व, ब्लॉक और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, नाली की सफाई शुरू
कानपुर में यू.पी. टेक्स-2026 का रोड शो, टेक्सटाइल उद्योग में निवेश की अपार संभावनाएं, कानपुर को रेडीमेड होजरी और गारमेन्ट उद्योग का बड़ा हब बनाने पर जोर
कानपुर बनेगा रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र, IIT कानपुर और BHU करेंगे नई तकनीक में मदद 