ग्रामीण नालों की टैपिंग और शोधन की तैयारी, तीन स्थानों पर बनेंगे वेटलैंड
नगर निगम के सक्षम अधिकारी बैठक से नदारद, अपर नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस
उपदेश टाइम्स कानपुर
कानपुर, गंगा में प्रदूषण कम करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के नालों की टैपिंग और शोधन की तैयारी तेज होगी। ड्रोन सर्वे में चिह्नित नालों के शोधन के लिए तीन स्थानों पर वेटलैंड विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल निगम के सहयोग से प्रस्ताव तैयार कर बजट स्वीकृति के लिए राज्य स्वच्छ गंगा मिशन और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजा जाएगा।
गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की ओर से कराए गए ड्रोन सर्वे के आधार पर चिह्नित ग्रामीण नालों की टैपिंग और शोधन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जल निगम शहरी एवं ग्रामीण के सहयोग से तीन स्थानों का चयन कर वेटलैंड निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
एक सप्ताह में डेटा पूरा कर सत्यापित करें टाइमलाइन
जिला गंगा योजना के प्रारूप का भी बैठक में प्रस्तुतीकरण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी विभागों को एक सप्ताह के भीतर अपने से संबंधित कार्यों की निर्धारित टाइमलाइन का सत्यापन करने और आवश्यक डेटा पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिले की जिला गंगा योजना का अंतिम ड्राफ्ट अनुमोदन एवं क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा संरक्षण से जुड़ी योजनाओं में विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समयसीमा में कार्यों को पूरा कराएं।
अपर नगर आयुक्त से मांगा जवाब
बैठक की पूर्व सूचना के बावजूद नगर निगम के सक्षम अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर आयुक्त को इस संबंध में पत्र भेजने को कहा। जिलाधिकारी ने अटल घाट पर गंगा आरती एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े लंबित कार्यों को भी अविलंब पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जियाउल रहमान अंसारी ने पर्यवेक्षक रघु शर्मा के सामने महानगर जिलाध्यक्षी का रखा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री लागू करें अधिवक्ताओं को सपरिवार घोषित कैशलेश इलाज योजना:पं रवीन्द्र शर्मा
यूपी टी20 लीग के मैचों को लेकर मण्डलायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा, विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
हज़रत सादिक शाह रहमतुल्लाह अलैह का 53वाँ उर्स अकीदत व एहतराम के साथ मनाया गया
लिखित समझौता के बाद दिव्यांग महागठबंधन का आंदोलन स्थगित
रामबाग झूलेलाल मंदिर में 47 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान, रचा इतिहास,अमिताभ बाजपेई, अशोक अगनानी, साईं रमेश लाल ने किया सम्मानित 