स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान का शुभारम्भ गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया

कानपुर नगर, स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान का शुभारम्भ आज इन्दौर, मध्य प्रदेश से प्रधानमंत्री जी द्वारा किया गया। जनपद कानपुर नगर में इस अभियान का शुभारम्भ ए०एच०एम० एण्ड डफरिन चिकित्सालय, कानपुर नगर में सांसद रमेश अवस्थी जी, विधायक महेश त्रिवेदी जी, विधायक सुरेन्द्र मैथानी जी तथा विधायक श्रीमती सरोज कुरील जी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, डा० संजू अग्रवाल (अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, कानपुर मण्डल), डा० हरिदास अग्रवाल (निदेशक, यू०एच०एम० चिकित्सालय), डा० रूचि जैन (प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, ए०एच०एम० एण्ड डफरिन चिकित्सालय), डा० हरिदत्त नेमी (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डा० आर०एन० सिंह (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डा० रमित अशोक कुमार रस्तोगी (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/नोडल अधिकारी, एस०एन०एस०पी०ए०), अश्वनी गौतम (जिला कार्यक्रम प्रबन्धक) एवं योगेन्द्र सिंह पाल (डी०सी०पी०एम०) उपस्थित रहे।
अभियान के शुभारम्भ उपरान्त मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने जिला महिला चिकित्सालय के ओ०पी०डी० परिसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
अभियान से सम्बन्धित जानकारी देते हुए बताया गया कि स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान दिनांक 17 सितम्बर, 2025 से 02 अक्टूबर, 2025 तक संचालित किया जाएगा।
इस अभियान के अन्तर्गत जनपद की सभी स्वास्थ्य इकाइयों—सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं आयुष्मान आरोग्य मन्दिर—पर विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें विशेषज्ञ परामर्श एवं सेवाएं भी शामिल होंगी।
अभियान अवधि के दौरान आयोजित प्रमुख गतिविधियों में—महिलाओं की स्वास्थ्य जाँच, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य सेवाएं, जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन कार्यक्रम, निक्षय मित्र नामांकन अभियान, रक्तदान शिविर तथा निजी क्षेत्र के चिकित्सालयों एवं क्लीनिकों का सहयोग सम्मिलित होगा।
सांसद रमेश अवस्थी जी ने अपने सम्बोधन में जनपद की सभी महिलाओं से इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया तथा अभियान को सफल बनाने हेतु सभी को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।