राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान की सफलता हेतु जिला जज ने दिए निर्देश

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली तथा मीडियेशन एवं कंसीलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तथा *माननीय अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश कानपुर नगर श्री चवन प्रकाश* की अध्यक्षता में *राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान की सफलता* हेतु समस्त मध्यस्थगण, पीएलवीगण के साथ बैठक की गयी। बैठक में उपस्थित मध्यस्थ अधिवक्ताओं को अभियान से संबंधित जानकारी दी गयी एवं उन्हें निर्देशित किया गया की संबंधित न्यायालय से मध्यस्थता केन्द्र में संदर्भित मामलों का अधिक से अधिक निस्तारण करने का प्रयास करें जिससे मध्यस्थता अभियान को सफल बनाया जा सके। इसी क्रम में माननीय अध्यक्ष / जनपद न्यायाधीश महोदय द्वारा अपर जिला जज सुभाष सिंह को उक्त अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया।
अपर जिला जज/ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर नगर कमलेश कुमार मौर्य द्वारा बताया गया कि सम्पूर्ण राष्ट्र में दिनांक 01 जुलाई 2025 से 30 सितंबर 2025 तक राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान चलाया जा रहा है जिसका उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से न्यायालयों में लम्बित प्रकरण जैसे दुर्घटना दावे, वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, अपराधिक समझौता योग्य मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, बंटवारा बेदखली, सेवा मामले, अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का अधिकाधिक संख्या में निस्तारण कराया जाना है। सचिव महोदय द्वारा यह भी बताया गया कि यदि कोई पक्षकार न्यायालय में लंबित अपने वाद में मीडियेशन करना चाहता है तो वह संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर अपने वाद को राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान में चिन्हित करवा सकता है।